रायपुर की पुरानी बस्ती स्थित कंकाली मठ के कपाट विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को साल में एक बार खोले गए. सुबह 6 बजे से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे. भक्त कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.

मठ में नागा साधुओं से जुड़ी करीब 1000 साल पुरानी मानी जाने वाली वस्तुएं रखी हैं. इनमें कमंडल, कपड़े, चिमटा, त्रिशूल, ढाल और कुल्हाड़ी सहित अन्य प्राचीन सामग्री शामिल है. विजयादशमी पर इन वस्तुओं की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और श्रद्धालुओं को इनके दर्शन का अवसर मिलता है.

यह अवसर वर्ष में केवल एक दिन मिलता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु मंगलवार रात 12 बजे तक मठ में रखी प्राचीन वस्तुओं के दर्शन कर सकेंगे. इसके बाद कपाट फिर बंद कर दिए जाएंगे.

मठ से जुड़ी मान्यता

मठ की देखरेख महंत कृपाल गिरी महाराज की 12वीं पीढ़ी कर रही है. मठ से जुड़े विचित गिरी के अनुसार, मान्यता है कि माता कंकाली ने स्वप्न में महंत कृपाल गिरी महाराज को तालाब के किनारे मंदिर बनवाकर प्रतिमा स्थापित करने का निर्देश दिया था. बाद में प्रतिमा को मठ से मंदिर में स्थापित किया गया.

मान्यता के मुताबिक, इसके बाद माता ने महंत को दर्शन देकर कहा कि वे विजयादशमी पर अपने पुराने घर यानी मठ में विराजमान होंगी. इसी विश्वास के चलते हर साल दशहरे पर मठ के कपाट खोले जाते हैं और विशेष पूजा होती है.

बताया जाता है कि मठ का निर्माण श्मशान घाट पर हुआ था और यह नागा साधुओं की तांत्रिक साधना का केंद्र रहा है. आसपास नागा साधुओं की समाधियां भी हैं. कंकाली तालाब को करीब 650 साल पुराना बताया जाता है. चैत्र और शारदीय नवरात्र में नवमी-दशमी पर यहां ज्योत और जवारा विसर्जन की परंपरा भी है.