रायपुर में काव्य रसिक संस्थान की छत्तीसगढ़ इकाई के तत्वावधान में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया. प्रियदर्शनी नगर स्थित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के सभागार में दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस साहित्यिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ समेत देश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे 14 कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं.

काव्यपाठ के दौरान सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं, मानवीय रिश्तों, जीवन के अनुभवों और समकालीन विषयों से जुड़ी कविताएं सुनाई गईं. अलग-अलग क्षेत्रों से आए रचनाकारों ने कविता की विविध विधाओं और भावों को मंच पर प्रस्तुत किया.

इन कवियों ने लिया हिस्सा

सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के सीतापुर से डॉ. रामकुमार रसिक और दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा से डॉ. मीना जैन सुमीता शामिल हुईं. छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से भी रचनाकार कार्यक्रम में पहुंचे.

बिलासपुर से डॉ. रामरतन श्रीवास ‘राधे राधे’, राजेश कुमार सोनार और राकेश अयोध्या ने काव्यपाठ किया. रायपुर से ऋषि साव, आर.डी. अहिरवार और आरव शुक्ला ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं.

भाटापारा से डॉ. निवेदिता वर्मा, महासमुंद से पुष्पलता भार्गव ‘सुंदना’ और बालोद से डॉ. गीता विश्वकर्मा ‘नेह’ सम्मेलन में शामिल रहीं. भिलाई से डॉ. संध्या जैन राज, दुर्ग से फिरितराम पटेल और रायगढ़ से डॉ. सुधा देवांगन ‘शुचि’ ने भी अपनी कविताएं सुनाईं.

सामाजिक मुद्दों और रोजमर्रा के जीवन से जुड़े अनुभवों पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विषयगत विविधता जोड़ी. आयोजन के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों के रचनाकारों को एक मंच पर साहित्यिक अभिव्यक्ति का अवसर मिला.