रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रहे एक मीडियाकर्मी से मोबाइल लूट का मामला सामने आया है. शिकायत के मुताबिक, न्यूज चैनल में कार्यरत राजेंद्र सिंह कार्यालय के पास बाइक रोककर किसी से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए.

घटना अचानक हुई, इसलिए राजेंद्र सिंह को संभलने या आरोपियों को रोकने का मौका नहीं मिल सका. वारदात की सूचना मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देख रही है. इसके जरिए आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.

पुलिस के अनुसार, फिलहाल तीनों संदिग्धों की पहचान नहीं हो सकी है. उपलब्ध जानकारी के आधार पर बाइक सवार युवकों के खिलाफ मोबाइल छीनने की शिकायत की जांच की जा रही है.

दिवाली के आसपास रायपुर में मोबाइल लूट की यह दूसरी रिपोर्टेड घटना बताई गई है. इससे पहले 4 नवंबर की रात मुजगहन थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी से जा रही एक एयर होस्टेस का आईफोन छीन लिया था. उस घटना में भी आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए थे.