रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने डीजल के कथित अवैध परिवहन के मामले में एक वाहन चालक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, टाटा इंट्रा वाहन से सात ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया गया. वाहन और ईंधन समेत जब्त सामान की कीमत करीब 6.40 लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, टीम इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ एक वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ ले जाया जा रहा है. इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर टाटा इंट्रा को रोका.
वाहन की तलाशी के दौरान पीछे सात बड़े लोहे के ड्रम मिले. पुलिस के अनुसार, हर ड्रम में करीब 200 लीटर डीजल भरा था. पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजेन्द्र सिंह यादव, उम्र 50 वर्ष, बताया. पुलिस के अनुसार, वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में भेमता में रह रहा है.
पुलिस ने डीजल के परिवहन और कब्जे से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद सातों ड्रमों में भरा डीजल और वाहन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है.
