रायपुर में दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां नगर निगम ने शुरू कर दी हैं. नगर निगम के निर्देश के अनुसार दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन खारुन नदी में नहीं किया जाएगा. इसके लिए नदी के पास बनाए गए विसर्जन कुंड का इस्तेमाल करना होगा. यह व्यवस्था नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के पालन के लिए की गई है.
20 अक्टूबर को शहर में छह स्थानों पर रावण दहन होगा. प्रमुख आयोजन रावणभाठा और WRS कॉलोनी में होंगे. इसके अलावा चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड में स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास भी रावण दहन का कार्यक्रम होगा.
नगर निगम ने संबंधित जोन कमिश्नरों को आयोजन स्थलों पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन और रास्तों की सफाई की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. मैदान को समतल कराने और अन्य जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने को भी कहा गया है.
विसर्जन के बाद 24 घंटे में हटेगा मलबा
निगम के अनुसार प्रतिमा विसर्जन से पहले पूजन सामग्री अलग करके निर्धारित स्थान पर रखनी होगी. विसर्जन कुंड में जमा मलबा, बांस-बल्लियां और अन्य सामग्री 24 घंटे के भीतर हटानी होगी, ताकि पानी प्रदूषित न हो. ध्वनि और वायु प्रदूषण रोकने के लिए जिला प्रशासन तथा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय किया जाएगा.
विसर्जन कुंड और दशहरा आयोजनों की व्यवस्था के लिए निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों की समिति बनाई है. इसमें अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा और जोन-2, जोन-5 व जोन-6 के कमिश्नर समेत इंजीनियरिंग और जल विभाग के अधिकारी शामिल हैं. समिति शामियाना, रोशनी, माइक, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधा का इंतजाम सुनिश्चित करेगी.
