रायपुर जिले के खरोरा इलाके में बुधवार, 16 सितंबर को दिनदहाड़े एक महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई. रेस्टहाउस के सामने किराना दुकान के पास बाइक सवार लोगों ने महिला के गले से मंगलसूत्र और सोने का हार झपट लिया. घटना के बाद वे तेज रफ्तार से बाइक पर फरार हो गए.

पुलिस के मुताबिक, खरोरा निवासी साहू परिवार मूल रूप से इल्दा गांव का रहने वाला है. परिवार निजी काम से बाजार आया था और काम पूरा करने के बाद घर लौट रहा था. इसी दौरान ब्रेकर के पास महिला को निशाना बनाए जाने की जानकारी है.

अचानक हुई वारदात से महिला घबरा गई. आसपास मौजूद लोगों ने बाइक सवारों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी बालोद बाजार की दिशा में भागे. बुडेरा चौक के आगे वे किस रास्ते से निकले, यह स्पष्ट नहीं हो सका.

सूचना मिलने के बाद खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस घटनास्थल तथा आरोपियों के संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटा रही है. फुटेज से आरोपियों की पहचान और बाइक का नंबर पता करने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात से पहले महिला का पीछा तो नहीं किया जा रहा था. आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.