रायपुर के गुढ़ियारी निवासी 26 वर्षीय छात्र खुशाल खोड़ियार परिवारों और संस्थाओं से जुड़ी पुरानी यादों, दस्तावेजों और मौखिक इतिहास को डिजिटल रूप में सहेज रहे हैं. उन्होंने इस पहल को ‘छत्तीसगढ़ आर्काइवल प्रोजेक्ट’ नाम दिया है. इसका उद्देश्य ऐसी सामग्री को सुरक्षित रखना है, जो समय के साथ खो सकती है या निजी संग्रहों में दबकर रह जाती है.

खुशाल के अनुसार, इस काम की अहमियत उन्हें अपने दादाजी के निधन के बाद समझ आई. दादाजी की सुनाई कहानियों में से कुछ याद रह गईं, लेकिन उनकी आवाज रिकॉर्ड नहीं हो सकी. इसी अनुभव ने उन्हें बुजुर्गों की बातें, संघर्ष और जीवन से जुड़े किस्से रिकॉर्ड करने के लिए प्रेरित किया.

शुक्ल भवन से हुई शुरुआत

प्रोजेक्ट के तहत उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित रविशंकर शुक्ल के ‘शुक्ल भवन’ से काम शुरू किया. शुक्ल परिवार के सदस्यों का मौखिक इतिहास रिकॉर्ड किया गया और परिवार से जुड़े दस्तावेजों को व्यवस्थित करने की कोशिश की गई. परिवार के सदस्य अनुभव चरण शुक्ल के मुताबिक, कई रिकॉर्ड किताबों के बीच रखे हुए थे और उनके लंबे समय तक सुरक्षित रहने की कोई निश्चित व्यवस्था नहीं थी. डिजिटल संग्रह से आने वाली पीढ़ियां परिवार के इतिहास और पूर्वजों के प्रयासों के बारे में अधिक व्यवस्थित जानकारी हासिल कर सकेंगी.

इमारतों और संस्थाओं का रिकॉर्ड भी

खुशाल केवल पारिवारिक सामग्री तक सीमित नहीं हैं. तेजी से हो रहे शहरीकरण के बीच ऐतिहासिक इमारतों पर लिखे शिलालेख और उनसे जुड़ी जानकारियां मिटने का जोखिम है. वे ऐसे शिलालेखों की जानकारी भी जुटा रहे हैं. इसके अलावा, लोगों की मदद करने वाली सामाजिक संस्थाओं के काम और योगदान को भी डिजिटल रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया जा रहा है.