रायपुर के लाभांडी स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में देर रात एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया. कॉलोनीवासियों की सूचना पर तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

मृतक की पहचान लाभांडी निवासी पुणेश यादव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर के दाहिनी ओर चोट के निशान मिले हैं. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

पुलिस कर रही जांच

शव मिलने के बाद शुरुआती तौर पर स्थानीय स्तर पर हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई गई थी. हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत छत से गिरने के कारण हुई है. फिलहाल मामले को दुर्घटनावश हुई मौत मानकर जांच की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह और चोट लगने की परिस्थितियां पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होंगी. घटनास्थल से मिले तथ्यों और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवक छत से किन परिस्थितियों में गिरा.