रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में करीब दो साल पहले हुई 40 वर्षीय लता साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, मृतका के नाखूनों से मिले जैविक नमूनों की DNA प्रोफाइलिंग कराई गई थी. वर्ष 2026 में संदिग्धों के DNA नमूने लेकर सुरक्षित प्रोफाइल से मिलान कराया गया, जिसमें तीनों के DNA मैच होने की बात सामने आई.
पुलिस के अनुसार, लता साहू की हत्या 21 अगस्त 2024 को हुई थी और उस समय आरोपी अज्ञात थे. जांच के दौरान उसके हाथों के नाखूनों से मिले जैविक साक्ष्य सुरक्षित किए गए थे. बाद में संदिग्धों की जानकारी मिलने पर उनके नमूने लिए गए. DNA मिलान के बाद पूछताछ की गई. पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग बातें बताईं, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ के बाद घटना से जुड़े तथ्य सामने आए.
शराब को लेकर विवाद का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कथन में सामने आया कि घटना वाले दिन तीनों लता साहू के घर पर शराब पी रहे थे. शराब खत्म होने के बाद दोबारा शराब मांगने को लेकर विवाद और हाथापाई हुई. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान राजू मंडल ने लता का गला दबाया, जबकि मनहरण सारंग और राजेश पाल उर्फ चोटी ने उसके हाथ-पैर पकड़े. संघर्ष में लता द्वारा बचने के लिए आरोपियों को नोचने की वजह से जैविक नमूने नाखूनों में आने की बात पुलिस ने कही है.
पुलिस का दावा है कि लता की मौत के बाद आरोपी घर में रखी नकदी, साड़ी और पायल लेकर पीछे की दीवार से फरार हो गए. नकदी बांटने और अन्य सामान आरोपियों के पास रखने की जानकारी भी सामने आई है. बरामदगी और अन्य साक्ष्यों पर वैधानिक कार्रवाई जारी है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनहरण सारंग (33), राजेश पाल उर्फ चोटी उर्फ राजू (31) और राजू मंडल उर्फ बंगाली (35) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, राजू मंडल के खिलाफ पहले चोरी के दो और हत्या का एक मामला दर्ज है. मनहरण सारंग के खिलाफ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और अवैध वसूली के मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
