छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में यूएई से प्रत्यर्पित कर भारत लाए गए विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को अदालत ने 30 नवंबर तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर भेज दिया है. आरोपी को शुक्रवार देर रात रायपुर की चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बृजेश राय की अदालत में पेश किया गया.

एसीबी कोर्ट में न्यायाधीश की अनुपस्थिति के कारण आरोपी का अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद रात करीब 11:30 बजे सुनवाई हुई. EOW ने पूछताछ के लिए 6 दिसंबर तक रिमांड मांगी थी. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 30 नवंबर तक की रिमांड मंजूर की. जांच टीम रात 12:33 बजे आरोपी को लेकर मुख्यालय रवाना हुई. उसे सोमवार को फिर अदालत में पेश किया जाना है.

विकास अग्रवाल मूलतः बिलासपुर का निवासी बताया गया है. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह शराब सिंडिकेट में केंद्रीय वित्तीय समन्वयक या ‘मनीमैन’ की भूमिका में था. उसके खिलाफ वर्ष 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था. नवंबर 2024 में आरोपपत्र दाखिल होने के बाद वह यूएई में रह रहा था, जहां वह Boston Consulting नामक कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था.

राज्य पुलिस के अनुरोध पर CBI के माध्यम से इंटरपोल रेड नोटिस जारी होने के बाद यूएई की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार किया. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे भारतीय टीम को सौंपा गया. इसके बाद मुंबई में CBI ने उसे EOW के हवाले किया और टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची.

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने भारत-यूएई प्रत्यर्पण संधि और प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि आरोपी पर उन्हीं अपराधों और धाराओं में मुकदमा चलाया जा सकता है, जिनके आधार पर प्रत्यर्पण हुआ है. बचाव पक्ष ने संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने और पूछताछ के दौरान मानवाधिकारों का पालन सुनिश्चित करने की मांग भी रखी.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं से सरकारी खजाने को 3,200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ. एजेंसियों का आरोप है कि विकास कमीशन की रकम वसूलने, उसे संबंधित लोगों तक पहुंचाने और विभिन्न कंपनियों व वित्तीय माध्यमों से धन का स्रोत छिपाने की व्यवस्था में शामिल था. इन आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया में होना है.