रायपुर में लिवर ट्रांसप्लांट कराने में मदद का भरोसा देकर महासमुंद के एक कारोबारी से 30 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शिकायतकर्ता की पहचान बसना निवासी फर्नीचर कारोबारी सतीश अग्रवाल के रूप में बताई गई है. उनके बड़े भाई की तबीयत खराब है और इलाज के लिए लिवर ट्रांसप्लांट की जरूरत बताई गई थी. इसी दौरान संजय नाम के व्यक्ति ने इलाज में मदद का भरोसा दिया. उसने हैदराबाद स्थित यशोदा अस्पताल में अपनी पहचान होने और कम खर्च में ट्रांसप्लांट कराने का दावा किया.

आरोप है कि इलाज में लाखों रुपये की बचत होने की बात कहकर सतीश अग्रवाल का विश्वास हासिल किया गया. इसके बाद रकम लेने के लिए अनिल नाम के व्यक्ति को भेजा गया.

शिकायत के मुताबिक, 1 अक्टूबर को रायपुर की समता कॉलोनी में एक्सिस जूस के सामने सतीश अग्रवाल से 30 लाख रुपये लिए गए. यह रकम उन्होंने अपने बड़े भाई के इलाज के लिए जुटाई थी. पैसे लेने के बाद संबंधित लोग कथित तौर पर फरार हो गए और इलाज कराने का वादा पूरा नहीं किया.

पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और रकम लेने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.