बिलासपुर. रायपुर के मां मंगला नर्सिंग कॉलेज की बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम की मान्यता से जुड़े विवाद में हाई कोर्ट ने कॉलेज प्रबंधन को संबंधित प्राधिकारी के समक्ष आवेदन करने का निर्देश दिया है. कॉलेज को आदेश की प्रति मिलने के 15 दिन के भीतर आवेदन प्रस्तुत करना होगा.
जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की अदालत ने कहा कि संबंधित प्राधिकारी भारतीय नर्सिंग परिषद के वर्ष 2020 में निर्धारित नियमों के तहत कॉलेज की फैकल्टी और अन्य आवश्यक मानकों का सत्यापन करेगा. इसके बाद आवेदन पर कानून के अनुसार निर्णय लिया जाएगा.
कॉलेज की ओर से दायर याचिका में 24 जुलाई 2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय और 27 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल की ओर से जारी पत्रों को चुनौती दी गई थी. कॉलेज का कहना था कि वह पहले से मान्यता प्राप्त है, फिर भी उससे भारतीय नर्सिंग परिषद का ‘योग्यता प्रमाण-पत्र’ मांगा जा रहा है.
काउंसलिंग से पहले मानकों का सत्यापन
सुनवाई के दौरान विश्वविद्यालय और छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल की ओर से कहा गया कि योग्यता प्रमाण-पत्र आवश्यक है और कॉलेज को तय प्रक्रिया के तहत संबंधित प्राधिकारी के पास जाना होगा. उनके अनुसार फैकल्टी समेत सभी निर्धारित मानकों की जांच के बाद ही आगे की सिफारिश की जाएगी.
कॉलेज ने भी प्रमाण-पत्र के लिए आवश्यक सिफारिश हासिल करने को आवेदन देने पर सहमति जताई. शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीएससी नर्सिंग प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रस्तावित होने के बीच कॉलेज ने मौजूदा मान्यता के आधार पर प्रक्रिया जारी रखने की अनुमति मांगी थी.
हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसने मामले के गुण-दोष पर कोई राय नहीं दी है. संबंधित प्राधिकारी को कॉलेज के आवेदन पर स्वतंत्र रूप से और कानून के अनुसार निर्णय लेना होगा. इसके साथ ही याचिका का निराकरण कर दिया गया.
