रायपुर के महादेवघाट में पाटन पुलिया के पास बने विसर्जन कुंड में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया है. शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन भक्तों ने पूजा-अर्चना और माता रानी के जयकारों के बीच प्रतिमाओं को विदाई दी.

शाम 7 बजे तक विसर्जन कुंड में 30 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था. प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला इसके बाद भी जारी रहा. भक्तों की सुविधा और स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से इंतजाम किए गए हैं.

नगर निगम की टीम तैनात

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 की टीम विसर्जन स्थल पर तैनात है. जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा समेत निगम के अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं.

खारून नदी में सीधे विसर्जन पर रोक

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के तहत खारून नदी में सीधे दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन प्रतिबंधित है. भक्तों को महादेवघाट पर पाटन पुलिया के पास बने विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाओं का विसर्जन करना होगा. नगर निगम की टीम नियमों का पालन कराने और विसर्जन स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद है.