रायपुर के शॉपिंग मॉल्स में संचालित सिनेमाघरों पर प्रदर्शन शुल्क तीन गुना बढ़ाने का नगर निगम का प्रस्ताव लागू नहीं हो सकेगा. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने PVR INOX की याचिका को निष्प्रभावी मानते हुए खारिज कर दिया. अदालत ने कहा कि शुल्क बढ़ाने वाले प्रस्ताव को लागू करने के लिए जरूरी राज्य सरकार की मंजूरी ही नहीं मिली.

मामले की सुनवाई जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद ने की. रायपुर नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल ने 10 अप्रैल 2026 को प्रति शो, प्रति स्क्रीन प्रदर्शन शुल्क ₹200 से बढ़ाकर ₹600 करने का संकल्प पारित किया था. इसके बाद 24 अप्रैल को मांग नोटिस जारी किया गया. PVR INOX ने संकल्प और मांग नोटिस, दोनों को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी.

कंपनी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुमित नेमा ने दलील दी थी कि शुल्क में बढ़ोतरी मनमानी और अत्यधिक है. याचिका में यह भी कहा गया था कि प्रस्ताव छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 और नगर निकायों के कराधान से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं है. कंपनी का तर्क था कि राज्य सरकार की आवश्यक स्वीकृति के बिना निगम का संकल्प लागू नहीं किया जा सकता.

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बताया कि उसने 10 अप्रैल के संकल्प और प्रस्ताव पर विचार करने के बाद 12 जून 2026 को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है. PVR INOX की ओर से भी इस घटनाक्रम को स्वीकार किया गया.

हाई कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार की अस्वीकृति के बाद चुनौती दिए गए संकल्प को लागू करने का आधार नहीं बचा है. अदालत के अनुसार, बाद के घटनाक्रम के कारण याचिका में विचार के लिए कुछ शेष नहीं रह गया. इसलिए इसे निष्प्रभावी मानकर खारिज किया गया.