छत्तीसगढ़ के रायपुर में माना थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन और सुनसान रास्ते पर एक विवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी साहू की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात स्वीकार की है. हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी.

एयरपोर्ट के पीछे ले जाकर वारदात का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात से पहले अपना मोबाइल फोन बंद कर घर पर छोड़ दिया था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके. इसके बाद उसने पेट्रोल पंप से एक बोतल में पेट्रोल लिया और उसे अपनी गाड़ी की डिक्की में रख लिया.

जांच के मुताबिक, वीरू राजकुमारी को माना एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर ले गया. वहां दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर बहस हुई. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने डिक्की से पेट्रोल निकालकर महिला पर डाल दिया और आग लगा दी. इसके बाद वह मौके से भाग गया.

आग की लपटों में घिरी महिला को एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने देखा और पुलिस को सूचना दी. आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया. पुलिस ने राजकुमारी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.

2021 में सास पर हमले का भी मामला

पुलिस के अनुसार, राजकुमारी मूल रूप से समोदा क्षेत्र की रहने वाली थी. करीब आठ साल पहले उसकी शादी आरंग क्षेत्र के मोखला में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं. करीब पांच साल पहले उसका वीरू से संपर्क हुआ था.

जांच एजेंसी का कहना है कि वर्ष 2021 में इसी विवाद के दौरान वीरू ने राजकुमारी की सास पर जानलेवा हमला किया था और इस मामले में जेल गया था. पुलिस के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा.

पुलिस का दावा है कि आरोपी राजकुमारी के अन्य लोगों से संपर्क और अपनी शादी में आ रही कथित अड़चन से नाराज था. इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई. राजकुमारी पिछले करीब डेढ़ साल से रिश्तेदार के साथ किराए के मकान में रह रही थी, जबकि उसके दोनों बच्चे पिता के साथ रहते थे.