रायपुर के माना थाना क्षेत्र में एक महिला को पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोप में पुलिस ने वीरू धीवर को गिरफ्तार किया है. गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना 13 सितंबर की रात की है.
मृतका की पहचान आरंग निवासी राजकुमारी साहू के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि राजकुमारी और वीरू के बीच 2021 से पहले से संबंध थे. राजकुमारी शादीशुदा थीं, लेकिन पति से अलग रह रही थीं.
विवाद के बाद पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात राजकुमारी और वीरू साथ थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि वीरू ने राजकुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. आग की लपटों में घिरी महिला मदद के लिए चिल्लाने लगी.
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाई. इसके बाद राजकुमारी को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया. पुलिस के अनुसार, वह करीब 60 प्रतिशत झुलस गई थीं. सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है.
आरोपी पर पहले भी केस दर्ज होने की जानकारी
एएसपी अभिषेक झा के अनुसार, इसी साल आरंग थाने में वीरू के खिलाफ राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला करने का मामला दर्ज हुआ था. इस केस में हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत कार्रवाई की गई थी. पुलिस के मुताबिक, उस घटना के बाद राजकुमारी और उनके पति अलग-अलग रहने लगे थे. मामले की अन्य जानकारी पुलिस अधिकारियों की ओर से दी जानी है.
