रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में एक आयशर वाहन के भीतर 12 भैंसें मृत मिली हैं. पुलिस के अनुसार वाहन को ग्राम उमरिया धान मंडी के पास खड़ा किया गया था और उसमें बड़ी संख्या में मवेशियों को ठूंसकर ले जाने की सूचना मिली थी. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वाहन चालक और उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए.

पुलिस को सूचना मिलने के बाद शिकायतकर्ता हरि साहू और उनके साथियों के साथ टीम मौके पर पहुंची. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 12 भैंसें मृत अवस्था में मिलीं. पुलिस के मुताबिक, मवेशियों के लिए वाहन में चारा और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. मौके से वीरू धृतलहरे और पप्पू उर्फ मनोज बघेल को पकड़ा गया.

पुलिस ने बताया कि मवेशियों को अवैध रूप से कत्लखाने ले जाने के लिए परिवहन किए जाने की आशंका है. हालांकि, इस पहलू की जांच अभी जारी है. मवेशियों को कहां से लाया गया था, उन्हें कहां ले जाया जा रहा था और इस परिवहन में कौन-कौन लोग शामिल थे, यह पता लगाने के लिए पुलिस आगे और पीछे की कड़ियां जोड़ रही है.

हरि साहू की शिकायत पर मंदिर हसौद थाने में अपराध क्रमांक 480/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, छत्तीसगढ़ पशु परिवहन अधिनियम 1978, मोटर व्हीकल एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है.

पुलिस ने मृत भैंसों का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम किया और पोस्टमॉर्टम कराया है. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं तथा मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.