रायपुर में मंत्रालय के कर्मचारियों को ले जा रही सिटी बस में आग लगने की घटना के बाद गुरुवार को कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया. कर्मचारी मंत्रालय के मुख्य गेट पर जुटे और बसों की स्थिति, सुरक्षा जांच तथा नियमित मेंटेनेंस को लेकर नाराजगी जताई. प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाकर भी विरोध दर्ज कराया.
यह घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है. मंत्रालय से करीब 35 कर्मचारियों को लेकर बस रायपुर के कबीर नगर जा रही थी. बस रवाना होने से पहले उसके निचले हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया. कुछ ही देर में वहां से आग की लपटें निकलने लगीं. बस में सवार सभी कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए. आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 20 मिनट में बस लगभग पूरी तरह जल गई.
बस में अग्निशमन यंत्र नहीं होने का दावा
कर्मचारियों का कहना है कि बस में आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर मौजूद नहीं था. आग लगने के बाद मंत्रालय परिसर में रखे 10-10 किलोग्राम वजन वाले दो अग्निशमन यंत्र लाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. बाद में दमकल दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाई. प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक जांच की जानकारी उपलब्ध नहीं है.
कर्मचारी संघ के मुताबिक, बसों की खराब हालत और मेंटेनेंस को लेकर रजिस्ट्रार शाखा तथा NRDA के अधिकारियों से पहले भी चर्चा की जा चुकी है. कर्मचारियों ने सभी बसों की नियमित जांच, समय पर मरम्मत और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की मांग की है.
83 बसों के संचालन का दावा
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मंत्रालय कर्मचारियों के परिवहन के लिए रायपुर नगर निगम ने 2012 में श्रीदुर्गा मां ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड को 98 बसों के संचालन का ठेका दिया था. यह 10 साल का टेंडर 2022 में समाप्त हो गया, जिसके बाद एग्रीमेंट बढ़ाया गया. इनमें से पांच बसें ऑफरोड हो चुकी हैं और फिलहाल 83 बसों के संचालित होने की बात कही गई है.
कर्मचारियों के अनुसार, कई बसों की छत से बारिश का पानी टपकता है, सीटें भीग जाती हैं और कुछ दरवाजे ठीक से बंद नहीं होते. बसों के फर्श की हालत खराब होने तथा रास्ते में बसें बंद पड़ने की शिकायतें भी सामने आई हैं. आग लगने वाली बस करीब 14 साल पुरानी बताई जा रही है.
रायपुर नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर लोकेश्वर साहू के हवाले से बताया गया है कि निगम की बसें कंडम हो चुकी हैं. शासन को सेवा बंद करने के लिए पत्र भेजा गया है और बस संचालन 31 अक्टूबर से बंद किए जाने की बात कही गई है.
