त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है. शहर के प्रमुख बाजारों में पुलिस अधिकारी और जवान लगातार गश्त कर रहे हैं. भीड़ और यातायात की स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है.

यातायात पुलिस का अभियान सदर बाजार, मालवीय रोड, जयस्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव जैसे व्यस्त इलाकों में चल रहा है. पुलिस के अनुसार, इसका उद्देश्य खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और व्यापारियों को जाम से राहत देना तथा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है.

नो-पार्किंग में कार्रवाई

पुलिस ने नो-पार्किंग जोन और सड़क पर बाधा बनकर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है. ऐसे वाहनों के ई-चालान किए जा रहे हैं और क्रेन की मदद से उन्हें हटाया जा रहा है. अभियान के दौरान अब तक 100 से ज्यादा वाहनों को क्रेन से हटाए जाने की जानकारी दी गई है.

ड्रोन निगरानी के जरिए प्रमुख बाजारों में भीड़ और यातायात की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है. वाहन सड़क पर बनी सफेद पट्टी के भीतर ही खड़े करने और नो-पार्किंग जोन या संकरे रास्तों में पार्किंग से बचने को कहा गया है.