रायपुर के माना थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने मामले में उसके कथित प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात स्वीकार की है.

पुलिस का दावा है कि आरोपी महिला से शादी करना चाहता था और शादी में आ रही कथित अड़चन को लेकर नाराज था. वह महिला के अन्य लोगों से बातचीत और संपर्क को भी पसंद नहीं करता था. जांच के मुताबिक, आरोपी ने वारदात से पहले अपना मोबाइल बंद कर घर पर छोड़ दिया था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके.

पुलिस के अनुसार, उसने पेट्रोल पंप से एक बोतल में पेट्रोल लिया और उसे अपनी गाड़ी की डिक्की में रखा. इसके बाद महिला को रायपुर एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर जाने वाले निर्माणाधीन और सुनसान रास्ते पर ले गया. वहां पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच बहस हुई. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने पेट्रोल डालकर महिला को आग लगा दी और मौके से फरार हो गया.

आग की लपटों में घिरी महिला को एयरपोर्ट के पीछे एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने देखा और पुलिस को सूचना दी. आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की. पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

जांच में सामने आया है कि महिला मूल रूप से समोदा क्षेत्र की रहने वाली थी. करीब आठ वर्ष पहले उसकी शादी आरंग क्षेत्र के मोखला में हुई थी और उसके दो बच्चे थे. पुलिस के मुताबिक, करीब पांच वर्ष पहले उसका वीरू से संपर्क हुआ था. वर्ष 2021 में इसी विवाद के दौरान आरोपी पर महिला की सास पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज हुआ था और वह जेल भी गया था. मामले में आगे की जांच जारी है.