रायपुर के मास्टर प्लान 2031 में सड़क नेटवर्क को लेकर प्रस्तावित संशोधनों के तहत जुलाई 2023 में हटाई गईं 11 सड़कों को फिर शामिल करने की तैयारी है. इसके अलावा 23 सड़कों की चौड़ाई वर्ष 2021 के मास्टर प्लान के अनुसार बहाल करने और 10 सड़कों का अलाइनमेंट पुराने स्वरूप में लाने की अनुशंसा की गई है.

राज्य सरकार ने प्रस्तावित संशोधनों पर आम नागरिकों, जमीन मालिकों और संबंधित हितधारकों से दावा-आपत्ति और सुझाव मांगे हैं. इसके लिए 15 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है. संशोधन लागू होने से पहले प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की जांच की जाएगी.

170 से ज्यादा आवेदन मिलने के बाद हुई जांच

रायपुर मास्टर प्लान 2021 का मूल प्रकाशन 7 अप्रैल 2008 को हुआ था. इसके संशोधन के बाद 24 जुलाई 2023 को नई विकास योजना प्रकाशित की गई. इसमें कुछ सड़कें हटाने, मार्गों की चौड़ाई कम करने और अन्य बदलावों को लेकर शिकायतें मिली थीं.

इन शिकायतों की जांच के लिए राज्य शासन ने 15 मार्च 2024 को संचालक, नगर और ग्राम निवेश की अध्यक्षता में समिति गठित की थी. समिति को 170 से ज्यादा आवेदन और सुझाव मिले. जांच के दौरान मूल और संशोधित मास्टर प्लान की तुलना के साथ राजस्व रिकॉर्ड, जमीन के मौजूदा उपयोग, पहले से स्वीकृत निर्माण अनुमतियों और सड़कों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया गया.

जांच समिति ने प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों से जुड़ी तालिकाओं में हटाए गए नाम और चौड़ाई के विवरण को भी पुराने मास्टर प्लान के अनुसार बहाल करने की अनुशंसा की है. रिपोर्ट के अनुसार, इन विवरणों के अभाव में निर्माण और विकास की अनुमति देने में विसंगतियां आ रही थीं. हरित क्षेत्र, जलाशय और भूमि उपयोग से जुड़ी शिकायतों पर अलग से कार्रवाई की जा रही है.

चार सरकारी कार्यालयों में उपलब्ध रहेगा प्रस्ताव

छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 23-क के तहत प्रस्तावित संशोधनों पर दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है. प्रस्ताव की प्रति आयुक्त रायपुर संभाग, कलेक्टर रायपुर, नगर तथा ग्राम निवेश के क्षेत्रीय संयुक्त संचालक कार्यालय और नगर निगम आयुक्त कार्यालय में देखी जा सकेगी. नागरिक निर्धारित अवधि में लिखित आपत्ति और सुझाव जमा कर सकते हैं.