रायपुर के मास्टर प्लान में करीब तीन साल पहले किए गए भूमि उपयोग और सड़क संबंधी कई बदलावों को संशोधित योजना में सुधारने का दावा किया गया है. राज्य सरकार की जांच समिति ने इन बदलावों की समीक्षा के बाद तालाब की जमीन, कृषि भूमि और शहर की प्रमुख सड़कों से जुड़े प्रावधानों में संशोधन किया है. संशोधित मास्टर प्लान 23 नवंबर को प्रकाशित किया गया. इसे अंतिम रूप देने से पहले आम लोगों, जमीन मालिकों और प्रभावित पक्षों से 15 दिन के भीतर दावा-आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं.

समिति के अनुसार, गुमा में 10 एकड़ से अधिक कृषि भूमि को औद्योगिक लैंडयूज में बदल दिया गया था. इसे रद्द कर भूमि उपयोग को पहले की स्थिति में लाने की बात कही गई है. खो-खो तालाब और उसके आसपास की जमीन का लैंडयूज आवासीय किए जाने को भी संशोधित योजना में वापस बदला गया है.

जांच में मास्टर प्लान की 11 एमआर सड़कों की दिशा बदले जाने और कुछ प्रस्तावित सड़कों को हटाए जाने का उल्लेख किया गया. इन सड़कों को दोबारा योजना में शामिल कर पहले के अलाइनमेंट के अनुसार रखने का दावा है. 2021 के प्लान की तुलना में 23 सड़कों की प्रस्तावित चौड़ाई घटाई गई थी. संशोधन में इनकी चौड़ाई बहाल की गई है और कोई भी सड़क टू-लेन से कम नहीं रखने की बात कही गई है.

एमआर-33 यानी विधानसभा-बलौदाबाजार रोड और एमआर-40 यानी रिंग रोड से वीआईपी तिराहा होते हुए फुंडहर चौक मार्ग को भी पहले की तरह बनाने का निर्णय बताया गया है. समिति ने वीआईपी रोड, फुंडहर चौक और आउटर क्षेत्रों में भूमि उपयोग के असंगत बदलावों का भी उल्लेख किया.

रायपुर का तीसरा मास्टर प्लान 7 अप्रैल 2008 को तैयार हुआ था. इसका प्रारंभिक प्रकाशन 2021 में हुआ और 24 जुलाई 2023 को इसे दोबारा प्रकाशित किया गया था.