रायपुर में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 2.65 ग्राम MDMA, 2.522 किलोग्राम गांजा, बिक्री की रकम, मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल समेत कुल 2 लाख 93 हजार 300 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है. कार्रवाई 13 नवंबर को की गई.
पहाड़ी तालाब के पास MDMA के साथ गिरफ्तारी
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कुशालपुर स्थित पहाड़ी तालाब के पास एक युवक को पकड़ा. पुलिस का कहना है कि वह प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था. आरोपी की पहचान रितिक मोदी (26), निवासी अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर के रूप में हुई है. तलाशी में 2.65 ग्राम MDMA पाउडर, 200 रुपये और एक आईफोन बरामद किया गया. पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 27 हजार 200 रुपये बताई है. मामले में NDPS एक्ट की धारा 22(ख) और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है.
गांजा और मोटरसाइकिल जब्त
दूसरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और आमानाका थाना पुलिस ने सरोना रेलवे स्टेशन मार्ग पर जेपी गार्डन के पास दो लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, दोनों मोटरसाइकिल से गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहे थे और टीम को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे. उनकी पहचान राधाकांत राणा (56), निवासी बलांगीर, ओडिशा और परमानंद साहू (40), निवासी दुर्ग के रूप में हुई है. उनके पास से 2.522 किलोग्राम गांजा मिला. गांजा और मोटरसाइकिल समेत जब्त मशरूके की कीमत करीब 1 लाख 66 हजार 100 रुपये बताई गई है.
पुलिस दोनों मामलों में मादक पदार्थों के स्रोत, परिवहन और बिक्री नेटवर्क की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट में NDPS एक्ट के 102 मामलों में अब तक 222 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है.
