रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में तीन नकाबपोश युवकों ने Meesho के डिलीवरी कर्मचारी हितेश लोधी को रास्ते में रोककर लूटपाट की. पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसके डिलीवरी बैग में रखे पर्स से नकदी व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए.
घटना 1 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे ग्राम गनौद और धमनी के बीच सड़क पर हुई. ग्राम बोडरा, थाना आरंग निवासी खिलावन लोधी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, उनका 22 वर्षीय बेटा हितेश Meesho में डिलीवरी का काम करता है.
हितेश डिलीवरी का सामान बड़े बैग में लेकर ग्राम गनौद गया था. लौटते समय बाइक सवार तीन युवक उसके सामने आ गए. तीनों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था. उन्होंने हाथ दिखाकर हितेश को रोका और उनमें से दो युवक बाइक से उतरकर उसका डिलीवरी बैग खींचने लगे.
इसी दौरान एक आरोपित ने चाकू दिखाकर उसे डराया. आरोपितों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए बैग से पर्स निकाला और उसमें रखे 4,000 रुपये तथा मोबाइल फोन लूट लिया. एफआईआर में मोबाइल की कीमत 21,499 रुपये बताई गई है.
पुलिस के अनुसार, लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत 25,499 रुपये है. मंदिर हसौद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लूट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश की जा रही है.
