दीपावली के दौरान रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं चौबीसों घंटे जारी रहेंगी. अस्पताल प्रबंधन ने त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.

अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने आपातकालीन विभाग के साथ ही अन्य विभागों को भी तैयार रहने को कहा है. चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मचारियों को इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार देने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रबंधन के अनुसार, जरूरी दवाओं, इंजेक्शन और अन्य जीवनरक्षक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि दीपावली के दौरान आपात स्वास्थ्य समस्याओं वाले मरीजों को इलाज में परेशानी न हो.

इन तारीखों पर ओपीडी का संचालन

7 नवंबर, शनिवार और छोटी दीपावली के दिन अस्पताल की ओपीडी सेवाएं नियमित रूप से चलेंगी. वहीं, 8 नवंबर रविवार और 9 नवंबर गोवर्धन पूजा के सार्वजनिक अवकाश के कारण बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा.

अस्पताल की ओपीडी सेवाएं 10 नवंबर, मंगलवार से फिर नियमित रूप से शुरू होंगी. हालांकि, ओपीडी बंद रहने के दौरान भी मेकाहारा की इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी.