रायपुर में मेमन समाज का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 26 और 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा. यह आयोजन वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म्स में हलाई मेमन जमात की ओर से होगा. इसमें देशभर से समाज के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे.

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार रात होटल वेनिंगटन कोर्ट में बैठक हुई. बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं और अलग-अलग जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई. आयोजकों के अनुसार यंग मेमन, मोहल्ला समिति, मेमन लेडीज विंग और मेमन फेमिनाज़ से जुड़े सदस्य भी आयोजन में सहयोग करेंगे.

देशभर से अध्यक्ष और सचिवों की भागीदारी

आयोजकों के मुताबिक सम्मेलन में देशभर से मेमन समाज के 500 से अधिक अध्यक्ष और सचिव शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा अफ्रीका, दक्षिण अफ्रीका, पूर्वी अफ्रीका, दुबई, अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप और बांग्लादेश से करीब 12 प्रतिनिधियों के पहुंचने की जानकारी दी गई है.

सम्मेलन में ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन के अध्यक्ष इकबाल मेमन ऑफिसर और ऑल इंडिया यंग मेमन विंग के अध्यक्ष इमरान भाई फ्रूटवाला समेत अन्य पदाधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई है.

आयोजकों ने रायपुर और छत्तीसगढ़ के मेमन समाज के सदस्यों से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की है. कार्यक्रम में समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और आपसी संपर्क बढ़ाने पर जोर रहेगा.