रायपुर के MG रोड पर रात में लगने वाली चौपाटियों के संचालन के लिए नए नियम तय किए गए हैं. चौपाटियां अब रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक ही लग सकेंगी. ठेले और अस्थायी दुकानें संबंधित स्थायी दुकान का शटर बंद होने के बाद ही लगाई जा सकेंगी.

इन नियमों को लेकर यातायात सभागार में ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, MG रोड व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक हुई. अधिकारियों के अनुसार, चौपाटियों के कारण सड़क पर जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की शिकायतें मिल रही थीं. इससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही थी.

सड़क और पार्किंग को लेकर पाबंदियां

चौपाटी संचालक सड़क या फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल नहीं लगा सकेंगे. ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी संचालकों को करनी होगी. मुख्य सड़क या ऐसी जगह पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे, जहां से यातायात बाधित हो.

ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने कहा कि चौपाटी संचालक किसी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे और न ही इस मुद्दे पर विवाद कर सकेंगे. चौपाटी लगाने की अनुमति केवल दुकान का शटर बंद होने के बाद होगी.

सफाई की जिम्मेदारी संचालकों की

संचालकों को अपनी दुकान और आसपास की सफाई खुद करनी होगी. गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा. चौपाटी बंद करने के बाद पूरे स्थान की सफाई करनी होगी. सड़क, नाली या अन्य सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने की अनुमति नहीं होगी.

नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस नियमों, सफाई और कचरा प्रबंधन की निगरानी करेंगे. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर संबंधित चौपाटी को बंद भी कराया जा सकता है.