रायपुर में घर लौट रही 23 वर्षीय युवती ने मिनी बस चालक पर छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक, चालक ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोककर भजिया और पानी दिया, फिर अंदर से दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं. युवती के विरोध के बावजूद उसने कथित तौर पर उसे पकड़कर जबरन चूम लिया.

खमतराई पुलिस ने युवती की शिकायत पर चालक दिलहरण पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, घटना 26 नवंबर की रात करीब 7:45 बजे की है.

घर लौटते समय बस में सवार हुई थी युवती

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रांवाभाठा निवासी युवती देवेंद्र नगर की एक प्रिंटिंग कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर है. वह 21 नवंबर से घर लौटने के लिए दिलहरण पाल की मिनी बस में सफर कर रही थी. घटना वाली रात वह फाफाडीह से बस में बैठी थी.

आरोप है कि भनपुरी शराब भट्ठी के पास चालक ने बस रोककर नाश्ता लाने की बात कही और कुछ देर के लिए नीचे उतर गया. लौटने के बाद उसने बस के दरवाजे-खिड़कियां बंद कीं और युवती को भजिया व पानी दिया. इसके बाद उसने युवती से दोस्ती करने का प्रस्ताव रखा और कहा कि अन्य यात्रियों के सामने वह उसे ‘भैया’ कहकर पुकारे.

युवती के इनकार करने पर चालक ने उसे पिछली सीट की ओर आने को कहा. शिकायत के मुताबिक, मना करने के बाद उसने युवती के हाथ, बांह और कमर पकड़कर अपनी ओर खींचा और जबरन चूम लिया. युवती ने किसी तरह अगले दिन मिलने की बात कहकर बस से बाहर निकलने का मौका बनाया. घर पहुंचकर उसने परिजनों को जानकारी दी और उनके साथ थाने जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. आरोपों की पुलिस जांच जारी है.