रायपुर के आमानाका बस डिपो में मंत्रालय की स्टाफ बसों का विशेष फिटनेस परीक्षण किया गया. पहले दिन 107 बसों की जांच में 35 बसें बेहद खराब मिलीं, जबकि 62 बसों में गंभीर खामियां दर्ज की गईं. केवल 10 बसें फिटनेस जांच में सही पाई गईं. दो दिवसीय जांच रविवार को भी जारी रहने की बात कही गई है.

जांच के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां सामने आईं. कई बसों में इमरजेंसी गेट के सामने सीटें लगाई गई थीं और कुछ गेट खुल भी नहीं रहे थे. कुछ वाहनों में व्हील नट कम मिले. हेडलाइट, ब्रेक लाइट, रिवर्स लाइट, इंडीकेटर, GPS और स्पीड गवर्नर के खराब होने की भी जानकारी सामने आई. कई बसों का फर्श और रनिंग प्लेट टूटा हुआ पाया गया.

कुछ बसों में अग्निशमन यंत्र की वैधता समाप्त हो चुकी थी. एक बस में हैंड ब्रेक नहीं था, जबकि दूसरी बस में हैंड ब्रेक कमजोर पाया गया. कुछ वाहनों के टायर खराब मिले और एक बस का फ्रंट ग्लास टूटा हुआ था. इमरजेंसी गेट और पीछे के दरवाजे के सामने सीटें लगाए जाने पर भी आपत्ति दर्ज की गई.

यह विशेष जांच मंत्रालय परिसर में गुरुवार को एक स्टाफ बस में आग लगने के बाद हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद शुरू की गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मंत्रालय की अधिकांश स्टाफ बसें पुरानी हैं और 2012-13 में खरीदी गई थीं.

बस संचालन के लिए दुर्गांबा ट्रैवल के साथ एनआरडीए-नगर निगम का मौजूदा टेंडर 30 अक्टूबर को समाप्त होना है. नई बसों के लिए नया टेंडर किए जाने की तैयारी है. तब तक मौजूदा बसों से स्टाफ परिवहन जारी रखने की व्यवस्था है. रायपुर आरटीओ ने कहा है कि गंभीर खामियों वाली बसों को संचालन से हटाने की कार्रवाई की जा सकती है.