रायपुर जिले में मतदाता सूची से छूटे नामों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे शुरू किया गया है. निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सभी विधानसभा क्षेत्रों में वार्डवार जानकारी जुटा रहे हैं. सर्वे के आधार पर छूटे मतदाताओं की अलग सूची तैयार की जाएगी और पात्र लोगों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
अभियान शुरू होने से पहले बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया है. प्रत्येक बीएलओ को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 ऐसे मतदाताओं की पहचान करने का लक्ष्य दिया गया है, जिनके नाम पहले मतदाता सूची में थे लेकिन नई सूची में नहीं हैं. अभियान को करीब एक महीने में पूरा करने की तैयारी है.
जिन मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं, वे संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं. उन्हें नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराया जाएगा. जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन देने के बाद सत्यापन किया जाएगा. पात्र पाए जाने पर नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.
बेघर और मजदूरों के लिए विशेष शिविर
बीएलओ छूटे मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को भी देंगे. रैन बसेरों, मजदूर कॉलोनियों, बेघर और अन्य वंचित लोगों के लिए विशेष शिविर लगाए जाने की योजना है. 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी फॉर्म-6 जमा कर सकेंगे. ऐसे पात्र युवाओं के नाम भी एक महीने के भीतर जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
फॉर्म-7 जमा करने की सीमा तय
मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए जमा होने वाले फॉर्म-7 पर भी सीमा लागू की गई है. छत्तीसगढ़ समेत मतदाता सूची अपडेट करने वाले राज्यों में एक व्यक्ति एक महीने में अधिकतम पांच फॉर्म-7 जमा कर सकेगा. यह सीमा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों पर लागू होगी.
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के नियम 13(2) के अनुसार संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज व्यक्ति ही फॉर्म-7 जमा कर सकता है. आयोग ने निराधार आपत्तियों से होने वाली परेशानी रोकने के लिए यह निर्देश जारी किया है.
