रायपुर में मदद मांगने के बहाने दो युवकों को रोककर मोबाइल और नकदी लूटने का मामला सामने आया है. विरोध करने पर आरोपियों ने एक युवक के दोस्त के साथ मारपीट की और उसकी पीठ पर चाकू से वार कर दिया. पंडरी पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता गजेंद्र यादव अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से भनपुरी में काम खत्म करने के बाद लौट रहे थे. शाम करीब 6:30 बजे रामजानकी मंदिर रेलवे फाटक के पास चार लड़कों ने उन्हें रोक लिया. आरोपियों ने पहले मदद के नाम पर मोबाइल फोन मांगा. मोबाइल देने के बाद जब उसे वापस मांगा गया, तो विवाद शुरू हो गया.
आरोप है कि इसके बाद युवकों के साथ मारपीट की गई और चाकू दिखाकर धमकाया गया. एक आरोपी ने गजेंद्र यादव के दोस्त की पीठ पर चाकू से वार किया. आरोपी मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये लेकर वहां से भाग गए. घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
शिकायत मिलने के बाद पंडरी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और चारों को पकड़ लिया. पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड मोहित भरतरा के पास से लूटा गया मोबाइल बरामद किया है. उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस के अनुसार, इनमें से एक नाबालिग पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है.
