रायपुर में मोबाइल फोन गुम होने के बाद एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 2,99,998 रुपये ट्रांसफर किए जाने का मामला सामने आया है. डीडी नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, डंगनिया स्थित बम्लेश्वरी मंदिर के पास साई मंदिर रोड निवासी 70 वर्षीय राजेश खरे छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल (CSEB) के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं. उनका खाता यूको बैंक की फाफाडीह मुख्य शाखा में है.
राजेश खरे ने पुलिस को बताया कि 23 अक्टूबर को शुक्रवारी बाजार में उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया था. इसके बाद उन्होंने आजाद चौक थाने में मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और उसी नंबर का दूसरा सिम कार्ड ले लिया.
शिकायत के मुताबिक, मोबाइल गुम होने के बाद 26, 27 और 28 अक्टूबर को उनके बैंक खाते से यूपीआई के जरिए तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए. इन ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2,99,998 रुपये दूसरे खातों में भेजे गए.
पीड़ित को इन लेनदेन के बैंक संदेश नहीं मिले. 30 अक्टूबर को उनके मोबाइल नंबर पर खाते में केवल 10 हजार रुपये शेष होने का संदेश आया. इसके बाद उन्होंने बैंक जाकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, तब तीनों ट्रांजेक्शन की जानकारी सामने आई.
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रकम किस खाते में भेजी गई और लेनदेन किसने किए, इसकी जांच की जा रही है.
