रायपुर के मरीन ड्राइव के सामने स्थित आईनेक्स्ट मोबाइल स्टोर में चोरी का मामला सामने आया है. FIR में दर्ज जानकारी के मुताबिक, अज्ञात चोर दुकान का शटर बीच से मोड़कर अंदर घुसे और 173 आईफोन समेत मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए. चोरी गए सामान की कुल कीमत 1,88,97,942 रुपए दर्ज की गई है.
दुकान संचालक ऋषभ डागा 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे स्टोर बंद कर घर गए थे. अगले दिन सुबह करीब 8:30 बजे मैनेजर स्वप्नशील सोनी ने उन्हें फोन कर शटर मुड़े होने की जानकारी दी. संचालक के पहुंचने पर दुकान के बाहर दोनों ताले लगे मिले, जबकि अंदर अलमारी और दराज खुले हुए थे.
FIR में दर्ज सूची के अनुसार, चोरी हुए 173 आईफोन में 132 आईफोन 17 शामिल हैं. इसके अलावा स्मार्ट वॉच, हेडफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी गायब हैं. चोर दुकान का DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे जांच में CCTV फुटेज की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है.
संचालक की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने 1 नवंबर की रात भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है.
