रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव के सामने स्थित आई नेक्सट एप्पल स्टोर से 173 मोबाइल चोरी होने के मामले में पुलिस ने संदिग्ध आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज जारी किए हैं. पुलिस ने आरोपियों की पहचान और उनके बारे में जानकारी देने के लिए लोगों से मदद मांगी है.

पुलिस के अनुसार, चोरी 31 अक्टूबर की रात हुई थी. एक नवंबर की सुबह स्टोर का मैनेजर दुकान खोलने पहुंचा, तब वारदात का पता चला. चोरी किए गए मोबाइल की कीमत करीब 1.89 करोड़ रुपये बताई गई है. आरोपी स्टोर में लगे कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे.

जांच के दौरान भगत सिंह चौक के पास तीन संदिग्धों के फुटेज मिले. शुरुआती तौर पर पुलिस को बिहार के चादर गैंग पर संदेह था, लेकिन बाद की जांच में संदिग्धों के मध्य प्रदेश के कंजर गिरोह से जुड़े होने का सुराग मिलने की बात सामने आई. इसके बाद रायपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस से संपर्क किया.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को पकड़े जाने की जानकारी है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. रिपोर्ट के मुताबिक, साथी की गिरफ्तारी की भनक लगने के बाद दो अन्य संदिग्ध पुलिस की घेराबंदी से निकलकर फरार हो गए.

पुलिस ने संदिग्धों को राजनांदगांव के रास्ते महाराष्ट्र के भंडारा और फिर मौदा की ओर जाते देखा है. चोरी हुए 173 मोबाइल में से कितने बरामद हुए हैं और पकड़े गए संदिग्ध के पास से कोई फोन मिला या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है. फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.