रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी स्थित धनलक्ष्मी नगर में मां की हत्या को सामान्य मौत बताकर छिपाने के आरोप में पुलिस ने उसके 44 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान श्यामा गोस्वामी के रूप में हुई है और आरोपी संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी है.
पुलिस के मुताबिक, श्यामा गोस्वामी की मौत के संबंध में वर्ष 2023 में मर्ग क्रमांक 72/2023 दर्ज किया गया था. दोबारा जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट और गले में रस्सी के निशान मिलने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने परिजनों और गवाहों से पूछताछ कर घटनाक्रम की फिर से पड़ताल की.
जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर लाना चाहता था. इसी बात को लेकर 5 जुलाई 2023 को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था. पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने मां को दीवार की ओर धक्का दिया, जिससे उनके सिर में चोट लगी. इसके बाद उसने पास रखे सिलबट्टे के लोहे से सिर के पीछे वार किया और मच्छरदानी की रस्सी से गला घोंट दिया.
पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद आरोपी ने सिर पर गमछा बांधा, माथे और सिर पर गुलाल लगाया तथा आसपास के लोगों को मौत का सामान्य कारण बताया. उसने बहनों और पुलिस को भी हत्या की जानकारी नहीं दी. मृतका की बेटी संगीता गोस्वामी ने मौत पर संदेह जताया, जिसके बाद मामले की जांच आगे बढ़ी.
खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की. आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 में हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तारी की गई.
