रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित MPs किचन रेस्टोरेंट में नौकरी छोड़ने की बात कहने पर कर्मचारी से मारपीट का मामला सामने आया है. कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक विशाल गुलाटी और मैनेजर पारस टंडन के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.
शिकायत के मुताबिक, कर्मचारी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बारा थाना क्षेत्र के बवंधर गांव का रहने वाला है. वह बीएससी कर चुका है और रेस्टोरेंट में कैशियर के तौर पर काम करता है. घटना 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1:40 बजे की बताई गई है. रेस्टोरेंट बंद होने के दौरान कर्मचारी ने मालिक से कैश का हिसाब करने को कहा और अगले दिन से ड्यूटी पर नहीं आने की बात कही.
कर्मचारी का आरोप है कि इससे नाराज होकर मालिक ने मैनेजर को बुलाया और उसे ऑफिस में ले जाया गया. वहां नौकरी छोड़ने की बात पर गाली देने और धमकी देने के बाद दोनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की. कर्मचारी के अनुसार, उसके गाल, गले और पीठ पर चोटें आई हैं.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के समय रेस्टोरेंट के कर्मचारी हरिश और बिट्टू वहां मौजूद थे. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
