रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय से 15 अप्रैल 1967 को चोरी हुई अवलोकितेश्वर की कांस्य प्रतिमा अमेरिका से बरामद होकर भारत लौटाई जा चुकी है. हालांकि, इसे छत्तीसगढ़ लाने की प्रक्रिया फिलहाल अटक गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने मूर्ति पर राज्य का दावा मजबूत करने के लिए चोरी की एफआईआर की प्रति मांगी है, लेकिन संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के पास 59 साल पुराना यह रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है.

विभाग के रिकॉर्ड में प्रतिमा के नाम, चोरी की तारीख और संग्रहालय में रखे जाने जैसी जानकारी दर्ज होने की बात सामने आई है. मगर, एक्सेशन रजिस्टर में मूर्ति की तस्वीर नहीं लगी है. ऐसे में एफआईआर और फोटो संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने से एएसआई को जवाब भेजने में देरी हो रही है.

अमेरिका में मिली पहचान

मैनहट्टन जिला अटॉर्नी कार्यालय और अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग से जुड़े दस्तावेजों में इस प्रतिमा को रायपुर संग्रहालय की बताया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, यह दोहरे कमल पर विराजमान अवलोकितेश्वर की कांस्य प्रतिमा है. इसका आधार सिंहों से सुसज्जित सिंहासन जैसा है और उस पर शिल्पकार का नाम द्रोणादित्य तथा स्थान ‘सिपुर’ दर्ज है, जिसे वर्तमान सिरपुर माना गया है.

प्रतिमा को 1939 में सिरपुर के लक्ष्मण मंदिर के पास मिले कांस्य प्रतिमाओं के संग्रह का हिस्सा बताया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह 1982 तक अमेरिका पहुंच चुकी थी और 2014 तक न्यूयॉर्क के एक निजी संग्रहकर्ता के पास रही. वर्ष 2025 में इसे सुभाष कपूर के न्यूयॉर्क स्थित वेयरहाउस से जब्त किया गया. इसकी अनुमानित कीमत 20 करोड़ रुपये बताई गई है.

सुभाष कपूर को अंतरराष्ट्रीय प्राचीन वस्तु तस्करी नेटवर्क से जुड़ा बताया गया है. उसे 2011 में जर्मनी में गिरफ्तार किया गया था और 2012 में भारत प्रत्यर्पित किया गया.

सात महीने से पत्राचार

18 मई 2026 को छत्तीसगढ़ के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखा था. 10 जुलाई को संस्कृति संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने एएसआई के महानिदेशक को पत्र भेजकर प्रतिमा की वापसी की जानकारी मांगी. 27 अगस्त को एएसआई ने चोरी की एफआईआर उपलब्ध कराने को कहा.

कन्नौजे के अनुसार, विभाग अमेरिकी दस्तावेजों को संलग्न कर एएसआई को फिर पत्र भेजेगा और एफआईआर की खोज कराई जा रही है. सिरपुर से 1939 से 1952 के बीच मिली 67 प्रतिमाओं में अवलोकितेश्वर समेत चार प्रतिमाओं के चोरी होने की जानकारी है.