रायपुर स्थित राजकुमार कॉलेज में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी म्यूजिक फेस्ट ‘नाद संगम’ 2026-27 का समापन संगीत प्रस्तुतियों के साथ हुआ. दो दिवसीय महोत्सव में देश के आईपीएससी स्कूलों के युवा संगीतकारों ने हिस्सा लिया.

महोत्सव का सबसे प्रमुख मैग्नम ओपस अवॉर्ड—आउटस्टैंडिंग स्कूल कॉन्टिनजेंट—इस बार ऐतिहासिक टाई के बाद राजकुमार कॉलेज, रायपुर और द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर को संयुक्त रूप से दिया गया. यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, मोहाली को डिस्टिंक्शन अवॉर्ड और डेली कॉलेज, इंदौर को लॉरिएट अवॉर्ड मिला.

मेजबान स्कूल के विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत और समूह वर्गों में भी पुरस्कार जीते. भारतीय शास्त्रीय गायन में हरसिफत कौर, इंडियन क्लासिकल प्लेइंग में अस्मी जैन, भारतीय ताल वाद्य में लक्ष्य सेठिया और वेस्टर्न ड्रम सोलो में अरहम जैन को सम्मान मिला. समूह लोकगीत और भारतीय शास्त्रीय ऑर्केस्ट्रा में राजकुमार कॉलेज के समूह विजेता रहे. सेमी-क्लासिकल वादन की जुगलबंदी में सहाना मांडले और सार्थक मारुवड़ा विजेता रहे.

इसी आयोजन के तहत ऑल इंडिया आईपीएससी तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन इंडियन, कंपाउंड और रिकर्व वर्गों में मुकाबले हुए. राजकुमार कॉलेज के खिलाड़ियों ने कई पदक जीते. इंडियन राउंड में बालिका अंडर-17 टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि दीक्षा सिन्हा ने बालिका अंडर-19 व्यक्तिगत ओवरऑल में रजत जीता.

कंपाउंड राउंड में डिम्पल डोडका ने बालिका अंडर-14 व्यक्तिगत ओवरऑल में स्वर्ण और हरगुन कौर मनचंदा ने रजत पदक जीता. मेजबान स्कूल की बालक अंडर-14 और अंडर-17 टीमों ने भी स्वर्ण पदक हासिल किए. आयोजन में 29 विद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं और तीरंदाजी व शूटिंग चैंपियनशिप 26 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगी.