रायपुर. नगर निगम मुख्यालय में कुशालपुर और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों ने बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान एक युवक ने निगम को पहले दिए गए दर्जनों आवेदन और पत्रों की माला पहन रखी थी. नागरिकों ने करीब पांच घंटे तक निगम परिसर में नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पिछले कई वर्षों से नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं. उनके मुताबिक, कुछ मुद्दों पर 20 से 25 बार तक लिखित शिकायतें और मांग पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि निगम आयुक्त से मिलकर अपनी समस्याएं रखने के लिए वे कार्यालय पहुंचे थे.
सड़क मरम्मत समेत चार प्रमुख मांगें
स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड क्रमांक 66 के राम-जानकी सामुदायिक भवन, छत्रपति शिवाजी स्कूल, तिरंगा चौक, समीक्षा मेडिकल, पहाड़ी तालाब और बंजारी मंदिर मार्ग पर सड़क में बड़े गड्ढे हैं. प्रदर्शनकारियों का दावा है कि इनकी मरम्मत की मांग पिछले चार वर्षों से की जा रही है.
इसके अलावा उन्होंने वृंदावन नगर-कुशालपुर मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर दोबारा बनवाने की मांग रखी. प्रदर्शनकारियों ने निगम कर्मचारी महेश वाघ के निलंबन और पंकज गार्डन के सौंदर्यीकरण में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग भी की.
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पांच घंटे इंतजार के बावजूद उनकी आयुक्त से मुलाकात नहीं हो सकी. उनका यह भी कहना था कि कोई सक्षम अधिकारी ज्ञापन लेने या ठोस आश्वासन देने नहीं पहुंचा. इसके बाद नागरिक निराश होकर लौट गए. उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
