रायपुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक बुधवार को तय समय पर शुरू नहीं हो सकी. बैठक दोपहर 1 बजे बुलाई गई थी, लेकिन MIC सदस्यों और निगम अधिकारियों के बीच विवाद के चलते करीब दो घंटे तक अटकी रही.
बैठक से पहले MIC सदस्यों ने अधिकारियों के रवैये को लेकर नाराजगी जताई. सदस्यों की ओर से संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने की बात सामने आई. इसके बाद कार्रवाई पर सहमति बनने पर बैठक शुरू हुई. हालांकि निगम की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि नाराजगी किस अधिकारी या किस खास घटनाक्रम को लेकर थी.
इन मुद्दों पर होनी थी चर्चा
बैठक में भाटागांव सब्जी बाजार की व्यवस्था, संपत्ति कर, वार्डों के विकास कार्य, शहर की सफाई, अवैध निर्माण और बेजा कब्जे से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित थी. जल जीवन से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में शामिल थे. बैठक में देरी के कारण इन विषयों पर चर्चा तय समय पर शुरू नहीं हो सकी.
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने MIC और अधिकारियों के बीच विवाद पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच तालमेल नहीं होने का असर शहर के कामकाज पर पड़ रहा है. तिवारी ने महापौर से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब MIC बैठक समय पर नहीं हो रही है, तो वार्डों के विकास कार्यों पर फैसले और उनका क्रियान्वयन समय पर कैसे होगा.
