रायपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई. PM आवास योजना की प्रगति पर संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने जोन-8 आयुक्त राजेश्वरी पटेल से जवाब मांगा और योजना में लापरवाही पर आपत्ति दर्ज की.
जेम पोर्टल पर निविदा प्रक्रिया में देरी और नगरोत्थान योजना के कार्यों की धीमी गति को लेकर प्रभारी कार्यपालन अभियंता योगेश कड़ू और अधीक्षण अभियंता इमरान खान के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. प्रमुख सचिव ने कहा कि गरीबों के आवास निर्माण में गुणवत्ता से समझौता और लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में हुई बैठक में अधिकारियों से नागरिकों की शिकायतों का समय पर निराकरण करने और कामकाज में जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा गया. बोरा ने अधिकारियों को नागरिकों की सेवा को प्राथमिकता देने के लिए ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म और एयरलाइन कंपनियों की कार्यप्रणाली का उदाहरण भी दिया.
सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्था पर निर्देश
शहर की सफाई व्यवस्था पर चर्चा के दौरान प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को गंदगी की तस्वीरें दिखाईं. उन्होंने जोन आयुक्तों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को रोज सुबह निरीक्षण कर रिपोर्ट साझा करने के निर्देश दिए. स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगाने को भी कहा गया.
बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया. मिशन अमृत 2.0 के तहत शीतला तालाब के गहरीकरण और सुंदरीकरण का काम मार्च तक पूरा करने का निर्देश दिया गया. नए नालंदा परिसर में दिव्यांगों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और जल शोधन व सीवेज संयंत्रों में बिजली की खपत घटाने वाली तकनीक अपनाने की बात भी कही गई.
