रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा बेचने की कथित तैयारी कर रही नागपुर की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों अहमद जी कॉलोनी में बाबर बंगला के पास इमली के पेड़ के नीचे ग्राहकों का इंतजार कर रही थीं. उनके थैले से 1.972 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 98,600 रुपए बताई गई है.
यह कार्रवाई 1 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने की. पुलिस को महिलाओं के गांजा लेकर पहुंचने की सूचना मिली थी. टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों की पहचान की. पूछताछ की कोशिश के दौरान दोनों के भागने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रंजना उर्फ राजना पात्रे (60) और सीमा उर्फ नीलम पात्रे (45) के रूप में हुई है. दोनों महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली हैं. पुलिस का दावा है कि वे पहले चोरी के मामलों में जेल जा चुकी हैं. उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.
सप्लायर और संभावित खरीदारों की जांच
पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 415/26 दर्ज किया है. NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत कार्रवाई की गई है. अब गांजा कहां से लाया गया था और रायपुर में किसे सप्लाई किया जाना था, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस खरीद, परिवहन और बिक्री से जुड़े संभावित नेटवर्क के बारे में भी पूछताछ कर रही है.
