रायपुर में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

छत्तीसगढ़ सेक्टर के महानिरीक्षक कबीब के. के. के मार्गदर्शन में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के अधिकारियों और जवानों ने शिविर में भाग लिया. CRPF के अलग-अलग कार्यालयों और बटालियनों से पहुंचे अधिकारियों और जवानों ने कुल 111 यूनिट रक्तदान किया.

कार्यक्रम के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी 211वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी और कमांडेंट इनचार्ज डॉ. विनोद कुमार टंडन को नोडल अधिकारी के रूप में दी गई थी. उन्होंने रक्तदान के महत्व की जानकारी दी और लोगों से इसमें अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की.

शिविर स्थल पर 211वीं बटालियन की ओर से हेल्पडेस्क और सहायता बूथ लगाया गया. यहां रक्तदाताओं और कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को जरूरी सहायता दी गई. सहायक कमांडेंट अनिल कुमार राय, चिकित्साधिकारी डॉ. देवीनेनी तपस्विनी सहित अन्य अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे.

डॉ. टंडन ने कहा कि शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है. उन्होंने कहा कि रक्तदान के जरिए जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में योगदान दिया जा सकता है. उनके अनुसार, मानव सेवा और रक्तदान जैसे कार्यों के माध्यम से भी देशसेवा का संदेश दिया जा सकता है.