रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में चल रही तीन दिवसीय राष्ट्रीय क्रोनोबायोलॉजी संगोष्ठी के दूसरे दिन वैज्ञानिकों ने नाइट शिफ्ट और लगातार बदलते कार्य समय के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों पर चिंता जताई. विशेषज्ञों के अनुसार, रात में जागकर काम करने और कार्य समय में बदलाव से शरीर की प्राकृतिक जैविक घड़ी प्रभावित हो सकती है.

संगोष्ठी में प्रस्तुत शोध के अनुसार, शिफ्ट वर्क के साथ शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और आंत संबंधी विकार बढ़ने की आशंका बताई गई. विशेषज्ञों ने जैविक घड़ी के असंतुलन को अल्जाइमर, पार्किंसन और मधुमेह जैसे विकारों से जुड़े संभावित जोखिमों के संदर्भ में भी समझाया. जैविक घड़ी नींद-जागने के चक्र के अलावा हार्मोन, मस्तिष्क की कार्यप्रणाली, चयापचय और संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित करती है.

एमिटी विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. बिरेंद्र नाथ मलिक ने जेब्राफिश में सामाजिक व्यवहार और नींद के पैटर्न पर व्याख्यान दिया. उन्होंने बताया कि कुछ जीवों में नींद के दौरान मस्तिष्क के दोनों हिस्से बारी-बारी से सक्रिय रह सकते हैं, जिससे खतरे पहचानने और संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है.

हैदराबाद की प्रो. अनीता जगोटा ने उम्र बढ़ने के साथ जैविक घड़ी में होने वाले बदलावों और पार्किंसन-अल्जाइमर जैसे तंत्रिका संबंधी विकारों में इसकी भूमिका पर चर्चा की. डॉ. शिव शंकर सिंह ने मेलाटोनिन और इंसुलिन नियमन के जरिए मधुमेह के उपचार की संभावनाएं बताईं.

संगोष्ठी में मौसमी बदलावों का प्रयोगशाला चूहों के लिपिड पेराक्सिडेशन, एंटीऑक्सीडेंट और थायराइड हार्मोन पर प्रभाव, एंटीबायोटिक प्रतिरोध, ग्लूकोज नियंत्रण और पक्षियों की जैविक लय पर भी शोध प्रस्तुत किए गए. वैज्ञानिक सत्र में नौ मौखिक और 33 पोस्टर प्रस्तुतियां हुईं.