रायपुर में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने कुंवार नवरात्रि के अवसर पर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक आयोजनों को बढ़ावा देने की मांग की है. पार्टी ने इस संबंध में रायपुर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में छत्तीसगढ़ के देवी पंडालों और अन्य आयोजन स्थलों पर गरबा के नाम पर होने वाली फूहड़ता और हुड़दंगबाजी पर रोक लगाने का आग्रह किया गया है. पार्टी ने नवरात्रि के दौरान सुवा नृत्य और छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा पर आधारित माता जसगीत जैसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने की मांग रखी.
DJ और ध्वनि प्रदूषण पर नियम लागू करने का आग्रह
पार्टी ने DJ और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियमित इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है. आवेदन में ध्वनि प्रदूषण से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) नियम, 2000 का कड़ाई से पालन कराने का आग्रह किया गया है.
ज्ञापन में जिला प्रशासन के साथ संस्कृति विभाग के माध्यम से भी इन मांगों पर अमल सुनिश्चित करने और सभी आयोजनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश जारी करने की बात कही गई है.
पार्टी ने हरेली, पोरा, तीजा, भोजली, कर्मा, सुवा और नवरात जैसे त्योहारों को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा बताया. उसका कहना है कि ऐसे अवसरों पर स्थानीय लोक परंपराओं और संस्कृति को प्राथमिकता मिलनी चाहिए.
