रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आया है. छात्र का शव बुधवार को उसके किराये के कमरे में मिला. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे के रूप में हुई है. वह अक्टूबर 2026 से कुशालपुर में रहकर एलेन कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी कर रहा था. पुलिस के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे घटना की सूचना मिली.
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रेयांश मंगलवार देर रात से कमरे में हो सकता था. बुधवार को जब वह कोचिंग नहीं पहुंचा तो दोस्तों ने उसे फोन किया. लगातार कॉल का जवाब नहीं मिलने पर वे उसके किराये के मकान पहुंचे. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. खिड़की से देखने पर दोस्तों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी.
पुलिस के पहुंचने पर मृतक के पिता की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने कमरे से एक युवती का पत्र मिलने की बात कही है. पत्र में करियर और भविष्य पर ध्यान देने की सलाह दिए जाने का उल्लेख है. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है.
जांच टीम दोस्तों, मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी.
