रायपुर में नवजात शिशुओं की कथित खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान कबीर नगर निवासी जितेन्द्र खेतान (36) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र को बेचा था. इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
आजाद चौक पुलिस के मुताबिक, कृतिका साहू और अन्य महिला आरोपियों से पूछताछ के दौरान जितेन्द्र का नाम सामने आया. इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर उसकी तलाश की और उसे पकड़ा.
बच्ची को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया
पुलिस ने जितेन्द्र से बच्ची के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया गया. समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची को संरक्षण के लिए मातृछाया में रखा गया है.
पुलिस पूछताछ में अन्य नवजात बच्चों की कथित खरीद-बिक्री में भी जितेन्द्र की भूमिका की जानकारी सामने आने की बात कही गई है. पुलिस के अनुसार, इस गतिविधि में गीतिका नाग और कृतिका साहू के जरिए संपर्क और संचालन किए जाने की जांच की जा रही है.
जांच एजेंसियां आरोपियों के आपसी संपर्क, अन्य बच्चों से जुड़े मामलों और नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका खंगाल रही हैं. आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत BNS की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 में मामला दर्ज है.
