रायपुर में नवजातों की कथित खरीद-बिक्री की जांच कर रही पुलिस अब बेचे गए बच्चों के जैविक माता-पिता और खरीदार परिवारों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में है. पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह खरीदारों की मांग के अनुसार नवजातों के उच्च जाति के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनवाता था और एक बच्चे के लिए 5 से 10 लाख रुपये तक वसूले जाते थे.

जांच के दौरान कबीर नगर के आशियाना अपार्टमेंट निवासी मैरेज ब्यूरो संचालक जितेंद्र खेतान को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, यह मामले में सातवीं गिरफ्तारी है. आरोप है कि जितेंद्र सोशल मीडिया के जरिए कथित मास्टरमाइंड कृतिका साहू के संपर्क में आया था. दिसंबर 2025 में उसने डेढ़ लाख रुपये में एक बच्ची ली और बाद में गिरोह के लिए बिचौलिये के तौर पर काम करने लगा.

पुलिस का दावा है कि जितेंद्र ने कृतिका साहू और उसकी सहयोगी गीतिका नाग के साथ मिलकर 11 महीने में चार नवजातों का सौदा कराया. इसके बदले उसे प्रति बच्चे डेढ़ से दो लाख रुपये कमीशन मिलता था. उसके पास से बरामद एक बच्ची को वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर बाल कल्याण समिति के निर्देश पर मातृछाया में रखा गया है.

अस्पतालों की भूमिका की जांच

पुलिस पहले दिवाकर और साई अस्पताल की भूमिका की जांच कर रही थी. अब समता कॉलोनी और बढ़ईपारा स्थित दो अन्य अस्पतालों में हुई संदिग्ध डिलीवरी के सुराग भी मिले हैं. इन अस्पतालों की भूमिका अभी जांच के दायरे में है.

पुलिस ने कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या नामदेव, डॉ. खीर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और जितेंद्र खेतान समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसी के अनुसार, नेटवर्क के तार छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु तक जुड़े होने की आशंका है. बाहरी राज्यों में खरीदारों और बिचौलियों की तलाश के लिए एसआईटी की टीमें भेजी गई हैं.