रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े मामले की जांच में सामने आया है कि ओडिशा की 15 वर्षीय किशोरी को फर्जी आधार कार्ड के जरिए 21 साल का दिखाया गया. पुलिस के अनुसार, उसके नाम से फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र भी तैयार कराया गया और इसी दस्तावेज के आधार पर अस्पताल में डिलीवरी कराई गई. मामले में आरोपियों के खिलाफ POCSO एक्ट और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से जुड़ी धाराएं जोड़ी जा रही हैं.
यह मामला आजाद चौक थाने में दर्ज नवजात खरीद-बिक्री केस से जुड़ा है. जांच के मुताबिक, किशोरी को मुफ्त इलाज और डिलीवरी कराने का भरोसा देकर रायपुर लाया गया था. इसके बाद उसकी मुलाकात कथित तौर पर बच्चे बेचने वाले नेटवर्क से जुड़ी महिलाओं से कराई गई. पुलिस का कहना है कि उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर नवजात को बेचने की साजिश रची गई.
दिवाकर अस्पताल में हुई डिलीवरी
पुलिस जांच के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को गुढ़ियारी के बसंत विहार स्थित दिवाकर अस्पताल में किशोरी की डिलीवरी हुई. आरोप है कि उसकी वास्तविक उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार और जन्म प्रमाण-पत्र का इस्तेमाल किया गया. इसी अस्पताल में 26 फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र बनाए जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई है. अस्पताल में तीन बच्चों की डिलीवरी होने की बात कही गई है.
अस्पताल का संचालन डॉ. खिर सिंधु महानंद करता था. पुलिस ने डॉक्टर को गिरफ्तार किया है और उसकी मेडिकल डिग्री की जांच की जा रही है. 17 नवंबर को नेटवर्क से जुड़ी तीन महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद मिले इनपुट के आधार पर डॉक्टर तक पहुंचने की बात पुलिस ने कही है.
सड़क पर विवाद के बाद खुला नेटवर्क
मामले का खुलासा दो महिलाओं के बीच सड़क पर हुए विवाद के बाद हुआ. पुलिस के पहुंचने पर एक महिला ने खुद को ओडिशा के सुंदरगढ़ का निवासी बताया और बच्चे को बेचने तथा रकम बांटने को लेकर विवाद की जानकारी दी. पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित नेटवर्क से जुड़े कई नाम मिले.
पुलिस के मुताबिक, अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. सातवें आरोपी की पहचान 36 वर्षीय जितेन्द्र खेतान के रूप में हुई है. पुलिस का आरोप है कि पहले गिरफ्तार कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची जितेन्द्र को बेची थी.
आठ राज्यों तक नेटवर्क का दावा
पुलिस जांच में छत्तीसगढ़ समेत आठ राज्यों में 26 से अधिक नवजात बच्चों की कथित खरीद-बिक्री का दावा किया गया है. जांच में बिलासपुर, बेंगलुरु, अहमदाबाद, मुंबई, नागपुर और चेन्नई के अलावा मध्यप्रदेश और राजस्थान से जुड़े मामले भी शामिल बताए गए हैं. नेटवर्क में डॉक्टर, दलाल, केयरटेकर, अकाउंटेंट, नगर निगम कर्मचारी और निःसंतान दंपतियों तक पहुंच बनाने वाले बिचौलियों की भूमिका की जांच हो रही है.
पुलिस पूछताछ के आधार पर नवजात बच्चियों के लिए करीब 5 लाख रुपये और लड़कों के लिए 10 से 12 लाख रुपये तक लेने की बात सामने आई है. पुलिस यह भी जांच रही है कि बच्चों को कानूनी गोद लेने की प्रक्रिया से बाहर रखकर सौदे किए गए या नहीं. मामले में अन्य आरोपियों और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों की भूमिका की जांच जारी है.
