रायपुर में नवजात बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, ओडिशा की एक गर्भवती महिला को मुफ्त प्रसव और उपचार का भरोसा देकर रायपुर बुलाया गया था. आरोप है कि प्रसव के बाद महिला और उसके नवजात बच्चे को बंधक बनाकर बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने का दबाव बनाया गया.
मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृतिका साहू (34), अहिल्या नामदेव (40) और गीतिका नाग (36) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, कृतिका साहू के संपर्क में आने के बाद महिला रायपुर पहुंची थी. यहां उसकी मुलाकात अहिल्या और गीतिका से कराई गई. इसके बाद उसे रायपुर के गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया.
शिकायत के आधार पर आरोप है कि तीनों महिलाओं ने महिला की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए नवजात को बेचने के बदले रकम दिलाने का प्रलोभन दिया. महिला के इनकार करने पर उसे डराने-धमकाने की बात भी सामने आई है. पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला और बच्चे को फिर अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उन्हें कथित तौर पर बंधक बनाया गया.
इस मामले में आजाद चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज किया गया है.
पुलिस खंगाल रही कथित नेटवर्क
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त में संभावित संलिप्तता के बारे में जानकारी मिलने की बात कही गई है. पुलिस अब कथित नेटवर्क, अन्य लोगों और पहले की घटनाओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि विवेचना में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
